दुस्साहस: सीतामढ़ी में जिला कल्याण अधिकारी की गोली मारकर हत्या
डुमरा थाना क्षेत्र के भवप्रसाद-कैलाशपुरी रोड में बाइक सवार तीन बदमाशों ने गुरुवार की शाम जिला कल्याण अधिकारी की गोली मारकर हत्या कर दी। जिला कल्याण अधिकारी शुभनारायण दत्त मधुबनी जिले के बासोपट्टी प्रखंड के रहने वाले थे। फिलहाल वे शहर के डुमरा थाना क्षेत्र के कैलाशपुरी चौक पर एक किराए के मकान में रहते थे। उनकी पहचान उनके जेब से मिले बिहार सीएफएमएस टे्रनिंग प्रोग्राम कार्ड से हुई। इसपर उनका नाम व पदनाम लिखा था। बाद में सदर अस्पताल में पहुंचे कलेक्ट्रेट के कर्मियों और एसपी विकास वर्मन ने भी जिला कल्याण अधिकारी की हत्या की पुष्टि की।
घटना की सूचना मिलते ही डुमरा थानाध्यक्ष विकास कुमार सिंह सशस्त्र बल के साथ पहुंच कर शव को पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया। फिर सदर एसडीओ सत्येन्द्र प्रसाद व एसडीपीओ सदर अस्पताल में पहुंचे। सदर एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। शीघ्र ही घटना के कारणों का पता कर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
घटनास्थल पर जुटे लोगों से मिली जानकारी के अनुसार, जिला कल्याण अधिकारी किराए के मकान में अकेले रहते थे। उनका परिवार पटना के दीघा के अवधेशपुरी रेलवे कॉलोनी में रहता है। कल्याण अधिकारी प्रत्येक दिन सुबह-शाम पैदल टहलने निकलते थे। गुरुवार की शाम भी वे भवप्रसाद गांव की ओर से टहलकर कैलाशपुरी आ रहे थे। इसी दौरान कैलाशपुरी की ओर एक काले रंग की पल्सर बाइक पर सवार तीन अपराधियों ने पहले पैर के धक्का देकर उन्हें गिरा दिया। इसके बाद अधांधुंध फायरिंग शुरू कर दी। बाइक सवार तीन बदमाशों में दो बदमाश हेलमेट पहने थे और एक बदमाश कपड़ा से मुंह बांधे हुए था। घटना को अंजाम देने के बाद तीनों बदमाश बाइक से भवप्रसाद गांव होते भाग निकले। मिली जानकारी के अनुसार, उनकों तीन संतान है, जिनमें दो लड़का व एक लड़की है।

Comments
Post a Comment