दिल्ली पुलिस के हेड कांस्टेबल ने ड्यूटी पर की आत्महत्या, कुछ दिन से था परेशान
दिल्ली पुलिस के एक हेड कांस्टेबल ने शुक्रवार सुबह अपनी सर्विस रिवॉल्वर गोली मारकर आत्महत्या कर ली। मृतक हेड कांस्टेबल का नाम जितेंद्र (48) है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, जितेंद्र पश्चिमी दिल्ली के झड़ोदा कलां में पुलिस प्रशिक्षण कॉलेज (पीटीसी) में तैनात थे और वह रातभर ड्यूटी पर थे। उन्होंने वहीं शुक्रवार सुबह अपनी सर्विस रिवॉल्वर से खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “गार्ड क्वार्टर से गोली चलने की आवाज सुनाई दी। ड्यूटी पर तैनात कुछ पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और उन्होंने जितेंद्र को खून से लथपथ पाया। मृतक के पास से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है।”
शव को पोस्टमॉर्टम के लिए राव तुला राम अस्पताल भेजा गया और उसके परिवार को घटना के बारे में सूचित कर दिया गया है।
अधिकारी ने कहा कि हम आत्महत्या के पीछे की वजह जानने का प्रयास कर रहे हैं। प्रथम दृष्ट्या लगता है कि वह पिछले कुछ दिनों से नाखुश थे।
जितेंद्र हरियाणा के झज्जर जिले के मूल निवासी थे और 1991 में दिल्ली पुलिस में भर्ती हुए था। उनकी पत्नी और बच्चे हरियाणा में ही रहते हैं।

Comments
Post a Comment