नरगिस के इस आखिर मैसेज के बाद संजय ने छोड़ दी थी ड्रग्स, कई घंटों तक रोये थे बाबा
बॉलीवुड की वेटरन एक्ट्रेस नरगिस की आज 88वां जयंती है। नरगिस ने अपने फिल्मी करियर की शुरुआत 1935 में फिल्म तलाश-ए-हक से की थी। और 1959 में संजय दत्त के जन्म के बाद फिल्मों को अलविदा कह दिया था। बता दें कि नरगिस का असली नाम फातिमा रशिद था। लेकिन बॉलीवुड एक्टर सुनील दत्त से शादी के बाद उन्होंने अपना नाम निर्मला दत्त रख लिया। कैंसर की बीमारी के चलते नरगिस ने 1981 में दुनिया को अलविदा कह दिया था। संजय दत्त की पहली फिल्म रॉकी रिलीज होने से चार दिन पहले ही नरगिस की मौत हो गई थी, जिसने संजय दत्त को बुरी तरह तोड़ दिया था। मां के जाने के बाद से संजय ड्रग्स लेने लगे। इस लत को छुड़वाने के लिए उन्हें अमेरिका के ड्रग्स रिहैब सेंटर में भर्ती कराया गया था।
इस दौरान वहां उन्हें मां का रिकॉर्डेड मैसेज मिला, जिसे अचानक ही एक लड़के ने प्ले कर दिया था। मां की अचानक आवाज सुनकर संजय एकदम हैरान हो गए। इस मैसेज में नरगिस ने बोला, 'संजू किसी भी बात से ज्यादा अपनी विनम्रता और चरित्र बचाए रखना। कभी दिखावा मत करना। हमेशा विनम्र रहना और बड़ों की इज्जत करना। यही आगे तुम्हारे काम आएगा और यही बात तुम्हें आगे ले जाएगी।' नरगिस का ये मैसेज सुनते ही संजय दत्त फूट-फूटकर रोने लगे थे। पांच घंटे तक लगातार रोने के बाद जब संजय के आंसू रुके तो उन्हें ड्रग्स छोड़ने का फैसला कर लिया था।

Comments
Post a Comment