प्री-मॉनसून की बारिश से भीगी दिल्ली, देश के कई हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी
राजधानी दिल्ली में प्री-मॉनसून की झमाझम बारिश से यहां के लोगों को काफी राहत मिली है। हालांकि, बुधवार-गुरूवार की आधी रात को हुई जोरदार बारिश के बाद जलभराव के चलते कुछ जगहों पर लोगों को परेशानी भी हो रही है और उसका सीधा असर ट्रैफिक पर भी पड़ रहा है। इसके साथ ही, देश के अन्य भागों में भारी बारिश की चेतावनी दी गई है।
उधर, बारिश के चलते बालटाल में अमरनाथ यात्रा भी बाधित हुई है। इससे पहले मौसम विभाग ने अपने पूर्वानुमान में कहा था कि अगरे 24 से 48 घंटे में भारी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक, आज यानी कि 28 जून या कल 29 जून को मॉनसून की दिल्ली पहुंचने की आशा है।
पिछले कुछ दिनों से 43 से 45 डिग्री सेल्सियस तक के अधिकतम तापमान से बेहाल राष्ट्रीय राजधानी और एनसीआर को मॉनसून का बेसब्री से इंतजार था। उधर देश के पूर्वोत्तर और पश्चिमी तटीय इलाकों में भारी बारिश की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार मॉनसून पूर्वी राजस्थान और पश्चिमी उत्तर प्रदेश सहित उत्तर भारत के कुछ हिस्सों में पहुंच गया है। इसके अगले 24 से 48 घंटों में दिल्ली में दस्तक देने की संभावना है। बुधवार को हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, पूर्वी राजस्थान और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश हुई।
गौरतलब है कि लगभग एक सप्ताह तक मंद पड़े मानसून के रविवार से सक्रिय होने के कारण मुंबई में पिछले तीन दिनों से भारी बारिश के बाद यहां से मानसून का रुख उत्तर में दिल्ली की ओर हुआ है।

Comments
Post a Comment