पीएम मोदी का बागपत दौरा: वैनिटी वैन से चलेगा मिनी पीएमओ
ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे के उद्धाटन के दिन 27 मई को प्रधानमंत्री का मिनी कार्यालय वैनिटी वैन से चलेगा। प्रधानमंत्री कार्यालय से कुछ अधिकारी और तकनीकी टीम के सदस्य इस वैन और जरूरी सामान के साथ 26 मई की शाम तक आयोजन स्थल पहुंच जाएंगे, जबकि सचिव स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी 27 मई की सुबह प्रधानमंत्री के आने से पहले पहुंचेंगे।
कार्यक्रम के आयोजन की व्यवस्था करने वाली गुजराती इवेंट कंपनी ने पीएमओ के लिए वैनिटी वैन भी रखी है। प्रधानमंत्री एक्सप्रेस-वे का उद्घाटन करने के बाद जनसभा को भी संबोधित करेंगे। हालांकि अभी तक उनके कार्यक्रम को अधिकारिक रूप से जारी नहीं किया गया है, लेकिन सूत्रों की मानें तो इस पूरे आयोजन के दौरान वे चार घंटे से अधिक समय बागपत में बिताएंगे। इस दौरान उनका मिनी प्रधानमंत्री कार्यालय बागपत से ही वैनिटी वैन के जरिये सक्रिय रहेगा।
कार्यक्रम में केंद्रीय भूतल परिवहन मंत्री नितिन गडकरी, मानव संसाधन विकास राज्यमंत्री व बागपत सांसद डॉ. सत्यपाल सिंह, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल आदि दिग्गज नेता मौजूद रहेंगे।
वीआईपी लॉज बनेगा
कार्यक्रम के लिए 2080 वर्गफीट में वीआईपी लॉज बनाया जा रहा है। पीएमओ के अधिकारियों से लेकर अन्य दिग्गजों के रुकने की व्यवस्था इसी लॉज में की गई है। इस एसी लॉज में लग्जरी सोफे, कुर्सियां और कॉरपेट के साथ-साथ अन्य फर्नीचर की व्यवस्था की जा रही है।
आठ फीट ऊंचा मंच बनेगा
प्रधानमंत्री की जनसभा के लिए पांडाल लगाए जाने और मंच तैयार किए जाने का कार्य युद्धस्तर पर चल रहा है। आठ फीट ऊंचे मंच के अंदर बड़ी स्क्रीन लगाई जाएगी। तैयारियों में जुटी गुजरात की पूजन डेकोर कंपनी के अधिकारियों ने बुधवार को मंच तैयार कराया। कंपनी के सीईओ सारिक ने बताया कि प्रधानमंत्री करीब आठ फीट ऊंचे मंच से संबोधन करेंगे।
हाईवे पर हेलीपैड बनाया
प्रधानमंत्री के आगमन को लेकर केजीपी हाईवे पर हेलीपैड बनाए गए हैं। इस हाईवे में प्रत्येक 500 मीटर पर दोनों तरफ रेन वाटर हार्वेस्टिंग की व्यवस्था की गई है। देश की कला व संस्कृति को दर्शाते इंडिया गेट, गेटवे ऑफ इंडिया, अशोक स्तंभ जैसे 36 स्मारकों की प्रतिकृतियां भी स्थापित की गई हैं।

Comments
Post a Comment