तानाशाह किम जोंग से नाराज अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने रद्द की मुलाकात
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने किम जोंग उन के साथ अपनी प्रस्तावित बैठक रद्द कर दी है। ट्रंप ने उत्तर कोरियाई नेता को पत्र लिखकर यह जानकारी दी है। व्हाइट हाउस ने पत्र जारी कर कहा है कि सिंगापुर में होने वाली यह शिखर वार्ता अब नहीं होगी।
ट्रंप ने पत्र में लिखा है कि इस शिखर वार्ता को लेकर मैं काफी आशान्वित था, लेकिन आपके हालिया बयानों में काफी विरोध की भावना दिखाई दी है। आपके बयानों में खुले तौर पर दुश्मनी की भावना समझ में आई है। ऐसे वक्त में यह वार्ता के लिए उचित समय नहीं होगा।
इससे पहले डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग-उन के साथ 12 जून को सिंगापुर में होने वाली शिखर वार्ता पर निर्णय अगले हफ्ते लिया जाएगा। उन्होंने व्हाइट हाउस में पत्रकारों से कहा था अगर हम बैठक में जाते हैं तो उत्तर कोरिया के लिए यह एक बड़ी बात होगी।
इससे पहले अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ ने सांसदों से कहा था कि 12 जून की शिखर वार्ता होगी। ट्रंप ने भी दोनों देशों के बीच जारी तनाव के बावजूद शिखर वार्ता होने के संकेत दिए थे। ट्रंप ने कहा था कि हम देखेंगे की क्या होता है। यह शिखर वार्ता हो सकती है। यह बहुत अच्छा हो सकता है। लेकिन जो है वह है। इन अनिश्चिताओं के बावजूद व्हाइट हाउस शिखर वार्ता की तैयारियां कर रहा है। वहीं संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद समिति ट्रंप-किम की वार्ता के लिए सिंगापुर जाने वाले उत्तर कोरियाई अधिकारियों पर यात्रा प्रतिबंध हटाने को तैयार हो गई है।
उत्तर कोरिया ने पेंस को बेवकूफ बताया
उत्तर कोरिया ने शिखर वार्ता के मुद्दे पर चेतावनी देने के लिए अमेरिकी उप राष्ट्रपति माइक पेंस को अज्ञानी और बेवकूफ बताया है। पेंस ने सोमवार को उत्तर कोरियाई नेता किम जोंग को आगाह करते हुए कहा था कि ट्रंप को आजमाना और उनके साथ खिलवाड़ करना भारी भूल होगी। पेंस ने अपनी चेतावनी में कहा था कि अगर किम कोई समझौता नहीं करते तो उनका हश्र लीबिया के नेता मुअम्मद गद्दाफी जैसा हो सकता है। उत्तर कोरिया ने कहा कि अगर अमेरिका इस प्रकार की धमकी देता रहा तो वह किम को शिखर वार्ता रद्द करने का सुझाव देगा।
अमेरिका-चीन, उत्तर पर दबाव बनाने पर सहमत
अमेरिकी और चीन ने बातचीत के लिए उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग पर दबाव बनाने पर सहमति जताई है। ट्रंप और किम जोंग के बीच 12 जून को सिंगापुर में होने वाली शिखर वार्ता से पहले अमेरिकी विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ ने अपने चीनी समकक्ष वांग यी से विदेश मंत्रालय के फोगी बॉटम मुख्यालय में मुलाकात की। पोम्पियो ने कहा कि अमेरिका और चीन ने उत्तर कोरिया पर दबाव बनाए रखने की दृढ़ प्रतिबद्धता पर चर्चा की।

Comments
Post a Comment