इलाज के लिए मुंबई रवाना हुए लालू यादव, साथ में हैं तेजप्रताप और ऐश्वर्या
राजद प्रमुख लालू प्रसाद स्वास्थ्य जांच के लिए मंगलवार की शाम मुंबई गए। लालू मुंबई के एशियन हार्ट अस्पताल में जांच कराएंगे। चिकित्सक से समय मिलने के बाद वे मुंबई से इलाज के लिए बंगलुरु जाएंगे। बंगलुरु के ग्लोबल हॉस्पिटल में उनकी किडनी का इलाज होगा।
श्री प्रसाद के साथ उनके बड़े पुत्र पूर्व मंत्री तेजप्रताप यादव और पुत्रवधु ऐश्वर्या राय, बड़ी पुत्री सांसद डॉ. मीसा भारती, विधायक भोला यादव भी मुंबई गए हैं। श्री प्रसाद मंगलवार की शाम 7.45 बजे स्पाइस जेट के विमान से रवाना हुए। इसके पूर्व पटना एयरपोर्टपर पहुंचने पर श्री प्रसाद की अगवानी पार्टी नेता विनोद श्रीवास्तव, विधायक राजेंद्र राम, उमेश कुमार यादव, बल्ली यादव आदि ने की। लालू प्रसाद को वाहन से व्हील चेयर पर बैठाया गया और फिर एयरपोर्ट लाउंज में ले जाया गया।
वहीं, दस सर्कुलर रोड स्थित आवास पर लालू प्रसाद को मुंबई रवाना होने के पूर्व विदा करने के लिए बड़ी संख्या में पार्टी नेता व कार्यकर्ता पहुंचे। आवास पर पहुंचने वालों में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष शिवानंद तिवारी, पूर्व सांसद सीताराम यादव, प्रदेश महासचिव आलोक मेहता, प्रवक्ता चितरंजन गगन, विधायक रेखा पासवान, रवींद्र सिंह, पार्टी पदाधिकारी प्रमोद राम, संजय यादव, राजेश पाल प्रमुख थे।
आवास के बाहर बड़ी संख्या में जुटे कार्यकर्ता : आवास के बाहर बड़ी संख्या में राजद कार्यकर्ता लालू प्रसाद को स्वस्थ होने की शुभकामना देने और उन्हें मुंबई विदा करने पहुंचे थे। इनमें पटना व पटना से बाहर के कार्यकर्ता भी शामिल थे। 
मीसा को पार्टी नेताओं ने दी जन्मदिन की शुभकामनाएं : लालू प्रसाद की बड़ी बेटी डॉ. मीसा भारती का मंगलवार को जन्मदिन था। पार्टी नेताओं ने उन्हें जन्मदिन की शुभकामनाएं दी। मीसा भारती ने भी बड़ों का पैर छुकर आशीर्वाद लिया। इस दौरान लालू प्रसाद ने मीसा के जन्म से जुड़ीं कई बातें शेयर की।
Comments
Post a Comment