शक ने उजाड़ा परिवार, पूर्णिया में पति और पत्नी ने जहर खाकर दे दी जान
बिहार के पूर्णिया में जानकीनगर थानाक्षेत्र के लादूगढ पंचायत के तेतराही मुसलमान टोला वार्ड नंबर 2 के रहने वाले मो.इजहार पिता मो. महरूम ने घरेलू विवाद के चलते पत्नी के साथ जहर खाकर आत्महत्या कर ली।
घटना मंगलवार सुबह की है। सुबह सवेरे दोनों ने घर मे जहर खा लिया था। इसकी भनक जैसे ही परिजनों को लगी, इलाज के लिए बनमनखी अनुमंडलीय अस्पताल ले गये। वहां कुछ देर बाद ही दोनों की मौत हो गयी।
परिजनों ने बताया कि रात में भी दोनों को परिवार वालो ने काफी समझाने की कोशिश की थी। मगर दोनों के बीच मतभेद कम नहीं हुए। परिजनों ने बताया कि आपसी मनमुटाव के साथ-साथ दोनों एक दूसरे पर शक भी करते थे।
यही नहीं दोनो के परिवार वालों के साथ भी संबंध अच्छे नहीं थे। वहीं इस घटना के बाद से इलाके के लोग सदमे में हैं। दूसरी तरफ जानकीनगर पुलिस घटनास्थल पर मामले की जांच कर रही है।

Comments
Post a Comment