चंपारण हमसफर ट्रेन के एसी खराब, परेशान यात्रियों ने किया हंगामा
दिल्ली से कटिहार जाने वाली चंपारण हमसफर एक्सप्रेस ट्रेन की चार बोगी के एसी खराब हो गए। इस कारण मंगलवार रात नौ बजे ट्रेन गाजियाबाद स्टेशन की मेन लाइन पर खड़ी हो गई। दो घंटे से ज्यादा खड़ा रहने से यात्रियों ने हंगामा भी किया। रेलवे अधिकारियों ने यात्रियों को समझाकर शांत किया व खामी को दुरूस्त किया। रात 11 बजकर 10 मिनट पर एसी ठीक करके ट्रेन आगे के लिए रवाना हो सकी।
चंपारण हमसफर एक्सप्रेस ट्रेन (15706) मंगलवार को दोपहर एक बजकर 35 मिनट के बजाय साढ़े सात घंटे की देरी से 8:40 बजे दिल्ली से रवाना हुई। ट्रेन से चलते ही पता चला कि इसकी कई बोगियों में एसी काम नहीं कर रहे। इसको लेकर यात्रियों से ट्रेन में हंगामा कर दिया। उसके बाद ट्रेन 9:25 बजे यह ट्रेन गाजियाबाद स्टेशन पर पहुंची तो इसे मेन लाइन पर रोक दिया गया। उसके बाद यात्रियो ने हंगामा शुरू कर दिया। यात्रियों के हंगामे के बाद रेलवे की तकनीकी टीम ने ट्रेन का मुआयना किया व जिन बोगियों में एसी खराब थी उनको ठीक करना शुरू किया।
रात 11 बजकर 10 मिनट पर ट्रेन के एसी ठीक करके इसे रवाना किया गया। इस ट्रेन के मेन लाइन पर ही खड़ी होने के कारण बाकी ट्रेनों को भी धीमी गति से पास कराया गया। इसके साथ ही ट्रेन की सुरक्षा में जीआरपी व आरपीएफ के जवान तैनात कर दिए गए। मेन लाइन होने के कारण कोई यात्री बोगी से न उतरे इसका भी ध्यान रखा गया।

Comments
Post a Comment