कश्मीर: सीआरपीएफ जवान पर कुल्हाड़ी से हमला, रायफल छीनने की कोशिश
दक्षिण कश्मीर के कुलगाम जिले में एक शख्स ने बुधवार को सीआरपीएफ जवान पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया और रायफल छीनने की कोशिश की। अधिकारियों ने बताया कि 18वीं बटालियन के सीआरपीएफ जवान अशोक कुमार को कुलगाम के डिप्टी कमिश्नर ऑफिस के बाहर तैनात किया गया था। वहां पर चुपके से एक शख्स ने पीछे से आकर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया।
सीआरपीएफ के प्रवक्ता संजय शर्मा ने कहा- “हमलावर ने जवान के पीछे से हमला किया और रायफल छीनने का प्रयास किया। लेकिन, जवान ने बहादुर से हमलावर का सामने किया। उसके बाद वह भाग गया।” शर्मा ने बताया कि कुमार को गंभीर हालत में आर्मी 92 बेस अस्पताल में दाखिल कराया गया। अब उनकी हालत खतरे से बाहर है।
पुलिस ने बताया कि दक्षिणी कश्मीर जिले में उपायुक्त कार्यालय के नजदीक अशोक कुमार तैनात था। हमले में उसके सिर पर चोट लग गयी। हालांकि शस्त्र छीनने की कोशिश विफल हो गयी। पुलिस ने बताया कि अशोक को अस्पताल ले जाया गया और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

Comments
Post a Comment