सुपौल में मिलावटी गुलाब जल तैयार कर रहे कारोबारी को पुलिस ने किया गिरफ्तार
सुपौल के प्रतापगंज में एक नामी कंपनी के नाम पर मिलावटी गुलाब जल बनाने वाले व्यवसायी को पुलिस ने गुप्त सूचना पर गिरफ्तार किया है। पकड़े गये व्यवसायी के पास से भारी मात्रा में मिलावटी गुलाब जल भी बरामद किया गया है।
कंपनी के अधिकृत जांचकर्ता रणजीत कुमार सिंह ने सोमवार को थाना पहुंचकर भवानीपुर दक्षिण पंचायत निवासी व्यवसायी बुधदेव ठाकुर के खिलाफ शिकायत की थी। कहा गया कि ठाकुर उनकी कंपनी के नाम पर मिलावटी गुलाब जल बनाकर बेच रहे हैं। इससे कंपनी को लाखों रुपये का नुकसान हो रहा है।
इसके बाद थानाध्यक्ष ने एक टीम गठित कर भवानीपुर दक्षिण पंचायत के वार्ड 10 में बुधदेव ठाकुर की दुकान पर छापेमारी की। कारोबारी बुधदेव ठाकुर से नाम पूछने के बाद उसे हिरासत में ले लिया गया। दुकान की तलाशी में पुलिस को 825 बोतल मिलावटी गुलाब जल, 101 खाली शीशी और 305 नकली रैपर मिले। सूचना मिलने पर एसडीपीओ रामानन्द कुमार कौशल भी थाना पहुंचे और गिरफ्तार कारोबारी से पूछताछ की। थानाध्यक्ष ने बताया कि मिलाभटी कारोबारी के खिलाफ केस दर्ज कर उसे जेल भेज दिया गया है।
प्रतापगंज और आसपास के इलाके में बड़े पैमाने पर मिलावटी गुलाब जल बेचे जाने की शिकायत कंपनी के अधिकारियों को मिली थी। इसके आलोक में कंपनी के प्रतिनिधि रणजीत कुमार सिंह, चन्द्रशेखर सिंह, रामावतार सिंह आदि ने दस दिनों तक कारोबारी की दुकान और घर की रेकी की। पूरी तरह आश्वस्त होने के बाद उन्होंने पुलिस से शिकायत की।
पकड़ी गयी थी नकली पुदीन हरा भी :
अप्रैल में ही प्रतापगंज बाजार से इसी कंपनी के नाम पर बेची जा रही मिलावटी पुदीन हरा दवा भी पकड़ी गयी थी। मामले में मिलावटी सामान के साथ कारोबारी को गिरफ्तार भी किया गया था।

Comments
Post a Comment