कोच जस्टिन लैंगर AUS के क्रिकेटर्स में चाहतें हैं ऐसे गुण कि ब्याह सकें अपनी बेटी
गेंद से छेड़छाड़ के मामले में आॅस्ट्रेलिया की दुनिया भार में बिगड़ी छवि को सुधारने की जिम्मेदारी क्रिकेट आॅस्ट्रेलिया ने पूर्व बल्लेबाज जस्टिन लैंगर के कंधों पर डाली है। आॅस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के मुख्य कोच बनाए जाने के बाद से ही जस्टिन लैंगर अपने काम में लग गए हैं। लैंगर ने स्पष्ट किया है कि उनकी प्राथमिकता मैदान और मैदान के बाहर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के व्यवहार को ऐसा बनाना है कि हर कोई इसका कायल बने। लैंगर के साथ ही क्रिकेट खेलने वाले पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट ने भी इसकी पुष्टि की है।
एडम गिलक्रिस्ट ने बताया क्या हैं मानक
एक टीवी प्रोग्राम में एडम गिलक्रिस्ट ने कहा कि जसिटन लैंगर चाहते हैं कि उनके खिलाड़ी अपने व्यवहार को इतना बेहतर बनाएं कि वे उन्हें अपनी बेटियों के साथ शादी करने के योग्य मान सकें। लैंगर की चार बेटियां हैं और यह उदाहरण देने से लैंगर का आशय यह है कि कोई शख्स अपनी बेटी के लिए वर तलाशते हुए उसमें जिन गुणों की तलाश करता है, वे उनके खिलाड़ियों में होना चाहिए। खिलाड़ियों के लिए तय किए गए मानक के बारे में गिलक्रिस्ट ने बताया कि कोच लैंगर का जोर इस बात पर है कि खिलाड़ी अनुशासन में रहते हुए ऐसा क्रिकेट खेलें जो कि आॅस्ट्रेलिया की पहचान है।
ईमानदारी और मानवीयता का भाव है प्राथमिकता
एडम गिलक्रिस्ट ने कहा कि लैंगर आॅस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के खिलाड़ियों में ईमानदारी और मानवीयता भाव चाहते हैं। गौरतलब है कि मार्च में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज के दौरान ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के कुछ खिलाड़ियों को गेंद से छेड़छाड़ में दोषी पाया गया था। इस मामले में तत्कालीन कप्तान स्टीव स्मिथ, डेविड वॉर्नर और कैमरन बैनक्रॉफ्ट को प्रतिबंधित कर दिया गया था। स्टीव और वॉर्नर पर एक-एक वर्ष का और बैनक्रॉफ्ट पर नौ महीने का प्रतिबंध लगाया गया था।

Comments
Post a Comment