आसमान से बरसी आफत : जैसलमेर से ज्यादा गर्म रही दिल्ली, अगले 5 दिन भी पड़ेंगे भारी
राजधानी दिल्ली मंगलवार को राजस्थान के जैसलमेर से भी ज्यादा गरम रही। दिल्ली के पालम इलाके में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस तक जा पहुंचा जबकि जैसलमेर में अधिकतम तापमान 43 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके पहले 24 मई को 2013 में सफदरजंग इलाके में पारा 46 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचा था।
लू चलेगी : मौसम वैज्ञानिक कुलदीप श्रीवास्तव ने बताया कि बुधवार को भी लू की स्थिति बनी रहेगी। हालांकि 24 मई को पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से दिल्ली में तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। ऐसे में तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस तक कम हो सकता है। गर्मी से ये राहत ज्यादा दिन नहीं रहेगी। सप्ताह के अंत तक फिर तापमान में बढ़ोतरी होगी और यह 45 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है।
हवा में नमी घटी: राजस्थान की ओर से आने वाली उत्तर पश्चिमी गर्म हवाओं ने दिल्ली की हवा में मौजूद नमी को लगभग खत्म कर दिया है। मंगलवार को आया नगर में न्यूनतम आद्रता का स्तर नौ फीसदी पर पहुंच गया। वहीं सफदरजंग में सुबह 11.30 बजे यह 11 फीसदी रहा। मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार हवा में नमी कम होने से गर्मी अधिक महसूस हो रही है। गर्म हवाएं लू का रूप ले रही हैं। दोपहर के समय लू लगने की संभावना काफी अधिक है। बुधवार को अधिकतम तापमान 44 डिग्री सेल्सियस व न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक अगले पांच दिन तक उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र, राजस्थान और हरियाणा में तापमान 44 डिग्री के ऊपर ही बने रहने का अनुमान है। सामान्य से ज्यादा तापमान की वजह ग्लोबल वॉर्मिंग हो सकता है। विभाग के अनुसार उत्तर और पूर्वी भारत में अधिकतम तापमान सामान्य के करीब रह सकता है, जो आसमान में बादल और क्षेत्र में प्री-मॉनसून बारिश का संकेत है।
मंगलवार का तापमान :
इलाके अधिकतम
हिसार 44.3
कानपुर 44.5
इलाहाबाद 46.5
श्रीगंगानगर 44.6
ऐसे करें बचाव :
गर्मी से हीटस्ट्रोक की संभावना है।सीधे धूप में निकलने से बचें।
अधिक से अधिक तरल पदार्थ जैसे रसीले फल, जूस और पानी आदि लें।
चक्कर आए, बुखार हो या थकान महसूस हो तो डॉक्टर से मिलें।

Comments
Post a Comment