राजस्थान : तीन मंजिला इमारत गिरी, कई लोगों के दबे होने की आशंका
राजस्थान के जोधपुर शहर के सरदारपुरा थाना क्षेत्र में निमार्णाधीन तीन मंजिला इमारत के अचानक गिर जाने से कई लोगों के दबने की आशंका है। इमारत के गिरने की सूचना पर मौके पर पहुंची जिला प्रशासन और एनडीआरएफ की टीमों ने बचाव एवं राहत कार्य शुरू कर दिया है। अब तक इमारत के नीचे दबे दो लोगों को बचा लिया गया है। इमारत के गिरते ही वहां अफरा तफरी का माहौल हो गया और हर तरफ धुंआ-धुंआ हो जाने के कारण लोगों को कुछ दिखाई नही पड़ा।
पुलिस के अनुसार सरदारपुरा बी रोड पर करीब सवा बारह बजे एक निमार्णांधीन इमारत भरभरा कर नीचे गिर गई। जहां इमारत गिरी वहां एक अन्य मकान की नींव खोदी जा रही थी। नींव खुदाई के दौरान अचानक स्टोर की बिल्डिंग ढह गई। इमारत के नीचे ही एक किराने की दुकान थी वो भी ढह गई। इस हादसे में कुछ लोगों के दबे होने की आशंका व्यक्त की जा रही है। फिलहाल अभी पता नही चला है कि इमारत के नीचे कितने लगे दबे हुए हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही जिला कलेक्टर सहित वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए हैं और एनडीआरएफ की टीमें भी मौके पर पहुंच गई हैं। प्रशासन द्वारा चलाये जा रहे बचाव एवं राहत कार्य के दौरान इमारत के नीचे दो व्यक्तियों को सकुशल बाहर निकाल लिया गया है।एनडीआरएफ और स्थानीय लोगों की मदद से इमारत का मलबा हटाने का कार्य जारी है।

Comments
Post a Comment