मजेंटा लाइन पर कालकाजी से जनकपुरी वेस्ट के बीच 29 मई से दौड़ेगी मेट्रो
दिल्ली मेट्रो की मजेंटा लाइन पर कालकाजी मंदिर से जनकपुरी वेस्ट सेक्शन के बीच मेट्रो सेवा की शुरुआत होने वाली है। आम जनता के लिए यह सेक्शन 29 मई से खोला जाएगा। दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (डीएमआरसी) की ओर से जारी की गई सूचना के मुताबिक, 28 मई को इस सेक्शन का उद्घाटन किया जाएगा। जिसके बाद 29 मई से इसे आम यात्रियों के लिए खोल दिया जाएगा।
इससे पहले 24 मई से इस सेक्शन को पब्लिक के लिए खोलने की बात कही जा रही थी। लेकिन अब मिली जानकारी के अनुसार 28 मई को इस सेक्शन का उद्घाटन होगा और 29 मई को सुबह 6 बजे से इसे आम लोगों के लिए खोल दिया जाएगा।
कमिश्नर फॉर मेट्रो रेल सेफ्टी(CMRS) ने सेफ्टी चेक के बाद कुछ शर्तों के साथ पहले ही इसे मंजूरी दे दी थी। इसके बाद अब 25.6 किलोमीटर के इस सेक्शन को 28 मई की शाम 4:30 बजे केंद्रीय शहरी विकास मंत्री हरदीप पुरी और दिल्ली के मुख्य मंत्री अरविंद केजरीवाल नेहरू एनक्लेव से इसे हरी झंडी दिखाएंगे और हौज खास तक पहुंचेंगे। इसके बाद अगले दिन से आम जन इससे सफर कर सकेंगे। बता दें कि इस लाइन का पहला सेक्शन पिछले साल दिसंबर में ही आम जनता के लिए खोल दिया गया था।
यह सेक्शन मेट्रो फेज 3 का सबसे लंबा रूट है जिसमें 16 स्टेशंस हैं। जनकपुरी से कालकाजी मंदिर खंड के बीच दो इंटरचेंज स्टेशन जनकपुरी पश्चिम तथा हौज खास होंगे जो क्रमश: ब्लू और येलो लाइनों को मजेन्टा लाइन से जोडेंगे। इस खंड के सभी 14 स्टेशन भूमिगत हैं जबकि केवल दो स्टेशन सदर बाजार तथा शंकर विहार एलिवेटिड हैं। इसके स्टेशनों में जनकपुरी पश्चिम, डाबडी मोड, दशरथ पुरी, पालम, सदर बाजार, टर्मिनल 1 हवाई अड्डा, शंकर विहार, वसंत विहार, मुनिरका, आर के पुरम, आईआईटी, हौज खास, पंचशील पार्क, चिराग दिल्ली, ग्रेट कैलाश एंकलेव, नेहरू एंकलेव और कालकाजी मंदिर हैं।
इस खंड के चालू होने के बाद दिल्ली मेट्रो नेटवर्क की लंबाई 278 किलोमीटर पहुंच जायेगी और स्टेशनों की संख्या 202 हो जायेगी। इस तरह दिल्ली मेट्रो के तीसरे चरण के तहत 88 किलोमीटर लंबी लाइन का काम पूरा हो जायेगा जबकि शेष 72 किलोमीटर पर तेजी से काम हो रहा है और इसके भी जल्द पूरा होने की संभावना है।

Comments
Post a Comment